प्रस्तावना
जब हम भारतीय ज्ञान परंपरा की बात करते हैं, तो हमारा आशय केवल प्राचीन ग्रंथों या धार्मिक विचारों से नहीं है। भारतीय ज्ञान परंपरा एक ऐसी व्यापक बौद्धिक और सांस्कृतिक परंपरा है, जिसमें ज्ञान, दर्शन, साहित्य, कला, भाषा, नैतिकता, लोकजीवन, प्रकृति, समाज और मानव-मूल्यों का समन्वय दिखाई देता है। हमारे देश में ज्ञान को केवल सूचना प्राप्त करने का साधन नहीं माना गया, बल्कि उसे मनुष्य के व्यक्तित्व के विकास और जीवन को सार्थक बनाने का माध्यम माना गया। इसी कारण भारतीय चिंतन में कहा गया है — “सा विद्या या विमुक्तये।” अर्थात् वही विद्या वास्तविक विद्या है जो मनुष्य को अज्ञान, भय, संकीर्णता और बंधनों से मुक्त करे। हिन्दी साहित्य में हमें इसी समृद्ध भारतीय ज्ञान परंपरा की एक महत्त्वपूर्ण अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। इसमें हमें भारतीय दर्शन, भक्ति, लोकसंस्कृति, नैतिक मूल्य, सामाजिक चेतना और मानवतावादी दृष्टि के अनेक रूप दिखाई देते हैं।
भारतीय ज्ञान परंपरा का अर्थ
भारतीय ज्ञान परंपरा हजारों वर्षों से विकसित होती आई एक ऐसी ज्ञान व्यवस्था है जिसमें हमें ज्ञान और जीवन के बीच कोई कठोर विभाजन नहीं दिखाई देता। इसमें ज्ञान का उद्देश्य सिर्फ विद्वान बनाना नहीं है, बल्कि इसमें इस बात का भी पूरा ध्यान रखा जाता है कि व्यक्ति को एक अच्छा मनुष्य बनाया जाए। अगर हम इसके प्रमुख स्त्रोतों की बात करें तो इसमें-
- वेद और उपनिषद्
- रामायण और महाभारत
- पुराण
- बौद्ध और जैन साहित्य
- दर्शन की विभिन्न शाखाएँ
- संस्कृत साहित्य
- लोक परंपराएँ
- संत और भक्त साहित्य
- कला एवं संगीत की परंपराएँ
- आयुर्वेद, योग, ज्योतिष, गणित आदि ज्ञान-विधाएँ
शामिल हैं। इन सभी स्त्रोतों से जो ज्ञान की गंगा प्रवाहित हो रही है उससे पूरा विश्व लाभान्वित हो रहा है।
भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रमुख विशेषताएं
1. प्राचीनता एवं निरंतरता
भारतीय ज्ञान परंपरा अत्यंत प्राचीन है। इसकी जड़ें वैदिक साहित्य में मिलती हैं। वेद, उपनिषद, ग्रंथ, आरण्यक तथा स्मृतियां इसके प्रमुख स्त्रोत हैं। समय के साथ इसमें नए विचारों एवं ज्ञान का समावेश होता रहता है।
2. समग्रता की भावना
भारतीय ज्ञान परंपरा जीवन को खंडों में नहीं, बल्कि संपूर्णता में देखती है। इसमें शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास पर बल दिया गया है।
3. आध्यात्मिकता एवं आत्मज्ञान
भारतीय ज्ञान परंपरा में आत्मज्ञान को विशेष महत्व दिया गया है। उपनिषदों में आत्मा, ब्रह्म और परम सत्य की खोज की गई है। इसका प्रमुख उद्देश्य मनुष्य को स्वयं के वास्तविक स्वरूप का बोध कराना है।
4. गुरू-शिष्य परंपरा
भारतीय शिक्षा व्यवस्था में गुरू-शिष्य संबंध का विशेष महत्व रहा है। प्राचीन गुरूकुल व्यवस्था में विद्यार्थी गुरू के सानिध्य में रहकर ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और जीवन-मूल्यों की शिक्षा प्राप्त करते थे।
5. प्रकृति के प्रति सम्मान
भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकृति को जीवन का आधार मानती है। इसमें पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश को पंचमहाभूत के रूप में स्वीकार किया गया है। प्रकृति के संरक्षण एवं उसके साथ संतुलन बनाकर चलने की शिक्षा दी गई है।
6. विविधता में एकता
भारतीय ज्ञान परंपरा विभिन्न भाषाओं, धर्मों, दर्शनों, संस्कृतियों और विचारधाराओं का सम्मान करती है। इसमें अनेक मतों और विचारों के सह-अस्तित्व की भावना दिखाई देती है।
7. मोक्ष एवं जीवन के पुरूषार्थ
भारतीय चिंतन में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को चार पुरूषार्थ माना गया है। इनका उद्देश्य मनुष्य को संतुलित, नैतिक एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा देना है।
भारतीय ज्ञान परंपरा और साहित्य
अब प्रश्न उठता है कि भारतीय ज्ञान परंपरा का साहित्य से क्या संबंध है? साहित्य समाज और संस्कृति का दर्पण होता है। किसी देश के साहित्य को समझने के लिए उसकी सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपराओं को समझना आवश्यक है। हिन्दी साहित्य में भारतीय ज्ञान परंपरा अनेक स्तरों पर दिखाई देती है ,जिनमें से प्रमुख इस प्रकार हैं —
- दार्शनिक चिंतन
- आध्यात्मिक चेतना
- भक्ति भावना
- नैतिक एवं मानवीय मूल्य
- लोकसंस्कृति
- प्रकृति-दृष्टि
- सामाजिक समरसता
- राष्ट्र एवं समाज की चेतना
इन सभी का प्रभाव हमें साहित्य में देखने को मिलता है। अंततः हम कह सकते हैं कि हिन्दी साहित्य भारतीय ज्ञान परंपरा का जीवंत दस्तावेज है। कबीर में हमें सत्य और मानवता मिलती है। तुलसी में मर्यादा और लोकमंगल दिखाई देता है। सूर में प्रेम और वात्सल्य दिखाई देता है। मीरा में आत्मसमर्पण और स्वतंत्र चेतना दिखाई देती है। जायसी में सांस्कृतिक समन्वय दिखाई देता है। प्रेमचंद में सामाजिक न्याय और मानवता दिखाई देती है। महादेवी में आत्मानुभूति और करुणा दिखाई देती है। दिनकर में राष्ट्रीय और सांस्कृतिक चेतना दिखाई देती है। इसलिए हिन्दी साहित्य को केवल कविताओं, कहानियों और उपन्यासों का संग्रह समझना पर्याप्त नहीं है। यह भारतीय समाज की स्मृति, चेतना, अनुभव और ज्ञान का विशाल भंडार है। हमें अपनी साहित्यिक परंपरा को पढ़ते हुए यह समझना चाहिए कि साहित्य हमें केवल अतीत से नहीं जोड़ता, बल्कि वर्तमान को समझने और भविष्य का निर्माण करने की दृष्टि भी देता है। इसी अर्थ में भारतीय ज्ञान परंपरा और हिन्दी साहित्य का संबंध केवल ऐतिहासिक नहीं, बल्कि जीवंत और वर्तमान है।
निष्कर्ष
भारतीय ज्ञान परंपरा केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी मार्गदर्शक है। इसमें ज्ञान, विज्ञान, दर्शन, अध्यात्म, साहित्य, नैतिकता और मानवता का अद्भुत समन्वय मिलता है। इसका मूल उद्देश्य मनुष्य को केवल शिक्षित बनाना नहीं, बल्कि उसे विवेकशील, चरित्रवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। हिंदी साहित्य ने इन सभी तत्वों को ग्रहण कर समाज को एक नई दिशा प्रदान की। इस प्रकार एक तरफ जहां भारतीय ज्ञान परंपरा ने हिंदी साहित्य को समृद्ध करने का कार्य किया तो वहीं दूसरी तरफ हिन्दी साहित्य ने इसके प्रचार और प्रसार में एक अहम भूमिका निभाई।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
1➤ भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल उद्देश्य क्या है?
2➤ ‘सा विद्या या विमुक्तये’ का क्या अर्थ है?
3➤ भारतीय ज्ञान परंपरा की जड़ें मुख्यतः किस साहित्य में मिलती हैं?
4➤ भारतीय ज्ञान परंपरा की समग्रता की भावना किनके संतुलित विकास पर बल देती है?
5➤ प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था का प्रमुख आधार क्या था?
6➤ भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति के पाँच तत्वों को क्या कहा जाता है?
7➤ निम्नलिखित में से कौन भारतीय चिंतन के चार पुरुषार्थों में शामिल नहीं है?
8➤ निम्नलिखित में से कौन-सा भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रमुख गुण है?
9➤ साहित्य को किसका दर्पण माना जाता है?
10➤ तुलसीदास के काव्य में भारतीय ज्ञान परंपरा का कौन-सा प्रमुख तत्व दिखाई देता है?
11➤ प्रेमचंद के साहित्य में भारतीय ज्ञान परंपरा के किस पक्ष की अभिव्यक्ति प्रमुखता से हुई है?











