
पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं- पद्म विभूषण (असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए) पद्म भूषण (उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए) और पद्म श्री (विशिष्ट सेवा के लिए)। अगर हम इसके इतिहास की बात करें तो सन् 1954 में भारत सरकार ने दो नागरिक पुरस्कारों की घोषणा की थी – (1) भारत रत्न और (2) पद्म विभूषण। पहले पद्म विभूषण को तीन वर्गों में विभाजित किया गया था। जिन्हें पहला वर्ग, दूसरा वर्ग और तीसरा वर्ग नाम से संबोधित किया जाता था। बाद में 8 जनवरी,1955 को जारी राष्ट्रपति अधिसूचना के माध्यम से इनका नाम बदलकर पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री कर दिया गया।










